
हल्द्वानी : ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के हल्द्वानी परिसर में हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट विभाग की ओर से ‘थिंक बियॉन्ड होटल्स: करियर, सरकारी अवसर और उद्यमिता’ विषय पर विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कॉन्फ्लुएंस हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को होटल उद्योग से आगे करियर के नए अवसरों, सरकारी नौकरियों और स्वरोजगार की संभावनाओं से परिचित कराना था।कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्य संपत्ति विभाग के व्यवस्थापक अधिकारी चंद्र शेखर लिंगवाल मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को पारंपरिक होटल मैनेजमेंट से आगे बढ़कर करियर के विभिन्न विकल्पों पर विचार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सरकारी क्षेत्र में हॉस्पिटैलिटी से जुड़े पेशेवरों के लिए उपलब्ध रोजगार के अवसरों, प्रशासनिक भूमिकाओं और स्वयं का व्यवसाय शुरू करने की रणनीतियों पर विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। मशहूर ब्रांड मैथ्यू टेसेरे (Mathieu Teisseire) और पंकज ढोबाल ने विशेष ‘बेवरेज मास्टरक्लास’ का संचालन किया। इसमें विद्यार्थियों को आधुनिक मिक्सोलॉजी और पेय पदार्थों की तैयारी से जुड़ी बारीकियां सिखाई गईं।इसके अलावा जीवन भट्ट के नेतृत्व में हिम्मालेह स्पिरिट्स (Himmaleh Spirits) की ओर से ब्रांड ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को बेवरेज उद्योग और ब्रांड प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई।इस अवसर पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. एमसी लोहानी ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट का क्षेत्र अब केवल होटलों तक सीमित नहीं है, बल्कि क्रूज, एयरलाइंस, इवेंट मैनेजमेंट, सरकारी संस्थानों और स्वरोजगार जैसे अनेक क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ उद्योग की वास्तविक जरूरतों, नेतृत्व क्षमता और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।उन्होंने कहा कि अनुभवी अधिकारियों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को नए अवसरों को समझने, सरकारी क्षेत्र में करियर बनाने और सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करता है।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मुख्य वक्ता से अपने करियर एवं भविष्य से जुड़े सवाल पूछे। अंत में अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर हॉस्पिटैलिटी एवं मैनेजमेंट विभाग के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें







