
हल्द्वानी। दमुवाढूंगा स्थित क्वींस पब्लिक स्कूल में आयोजित छठे स्वर्गीय जसवंत सिंह होलकर इंटर स्कूल बालक एवं बालिका फुटबॉल टूर्नामेंट का सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। समापन समारोह में भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश सह मीडिया प्रभारी भुवन जोशी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फाइनल मुकाबलों में पहुंची सभी टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके खेल प्रदर्शन की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर भुवन जोशी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना मजबूत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में ऑरम स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि महर्षि विद्या मंदिर स्कूल उपविजेता रहा। वहीं बालिका वर्ग में सिंथिया स्कूल ने विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया, जबकि क्वींस पब्लिक स्कूल को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, आपसी सहयोग और फुटबॉल के प्रति रुचि को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में टूर्नामेंट अध्यक्ष आर.पी. सिंह, सचिव विक्रम सिंह मार्की, कोच सूरज गोस्वामी सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें







