हीरानगर में तेज आवाज वाले वाहनों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 वाहन सीज

हल्द्वानी : ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी के हीरानगर क्षेत्र में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर 15 मॉडिफाइड वाहनों को सीज किया।प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में चौकी प्रभारी हीरानगर संजीत राठौर और पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मॉडिफाइड रेट्रो साइलेंसर और तेज आवाज वाले हॉर्न लगाकर चल रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 15 वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया गया। पुलिस ने वाहनों से तेज आवाज उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न भी उतरवाकर अपने कब्जे में ले लिए।पुलिस ने वाहन चालकों से कंपनी निर्मित सामान्य ध्वनि वाले साइलेंसर लगवाए, जिसके बाद नियमानुसार वाहनों को सुपुर्द किया गया। नैनीताल पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें