
हल्द्वानी: हल्द्वानी के गोलापार स्थित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रिंट मीडिया को पराजित कर जीत दर्ज की। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना और आपसी सौहार्द का परिचय दिया।मैच में प्रिंट मीडिया की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 115 रन बनाए। प्रिंट मीडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की ओर से गेंदबाजी करते हुए अंकित साह ने अपने पहले ही ओवर में दो विकेट झटककर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। इसके बाद प्रिंट मीडिया के कप्तान संतोष जोशी और मनोज भट्ट ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए पारी को आगे बढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा। दिनेश पांडे और तारा जोशी की फिरकी गेंदबाजी के सामने प्रिंट मीडिया की टीम ज्यादा देर टिक नहीं सकी और पूरी टीम 115 रनों पर ऑलआउट हो गई। प्रिंट मीडिया की ओर से कप्तान संतोष जोशी ने 16 और मनोज भट्ट ने 11 रन बनाए।इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए कप्तान दिनेश पांडे ने तीन विकेट, तारा जोशी ने तीन विकेट, अंकित साह ने दो विकेट और राधे कांडपाल ने एक विकेट हासिल किया।
116 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती दो विकेट जल्द गंवा दिए। इसके बाद रक्षित टंडन और राकेश रावत ने सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम को संभाला। राकेश रावत के आउट होने के बाद मैदान पर उतरे अंकित साह ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और तेजी से रन बनाकर मुकाबले को रोमांचक बना दिया।अंकित साह के आउट होने के बाद तारा जोशी ने रक्षित टंडन का साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने महत्वपूर्ण साझेदारी निभाते हुए टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की ओर से रक्षित टंडन ने नाबाद 21 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं अंकित साह ने 19, राकेश रावत ने 15 और तारा जोशी ने 12 रनों का अहम योगदान दिया।इस तरह इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रिंट मीडिया को 5 विकेट से शिकायत दी!
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे दर्जा राज्य मंत्री मोहन पाठक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकता को मजबूत करने का सशक्त जरिया भी हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के सद्भावना मैचों से खिलाड़ियों के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द और सहयोग की भावना विकसित होती है। साथ ही, समाज में भी एकता, आपसी विश्वास और भाईचारे का सकारात्मक संदेश पहुंचता है। उन्होंने खेलों को सद्भावना की भावना के साथ आगे बढ़ाने और ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।वहीं, हिंदुस्तान समाचार पत्र के संपादक जहांगीर राजू ने भी सद्भावना मैच में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल भावना, अनुशासन और आपसी सम्मान ही किसी भी खेल आयोजन की असली पहचान हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने के साथ-साथ खिलाड़ियों को भी एक सकारात्मक दिशा प्रदान करेंगे।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें







