
लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के 77वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 28 नवंबर को हल्द्वानी के पीलीकोठी स्थित संकल्प वेंकट हॉल में अधिवेशन का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अति विशिष्ट अतिथियों के साथ जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों और बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों की मौजूदगी रहेगी।बुधवार को दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में संचालक मंडल के सदस्यों एवं अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिवेशन के आयोजन स्थल, कार्यक्रम की रूपरेखा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से 28 नवंबर को अधिवेशन आयोजित करने पर मुहर लगाई गई।अधिवेशन में दुग्ध संघ की वर्षभर की गतिविधियों, वार्षिक प्रगति रिपोर्ट और आय-व्यय के विवरण प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही दुग्ध उत्पादकों के हितों से जुड़ी योजनाओं, दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने, उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सहकारी व्यवस्था को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।कार्यक्रम के दौरान संघ की उपलब्धियों को साझा करने के साथ ही दुग्ध उत्पादकों के योगदान को सम्मानित करने पर भी विशेष जोर रहेगा। अधिवेशन को सहकारिता क्षेत्र में आपसी समन्वय बढ़ाने और दुग्ध व्यवसाय को नई दिशा देने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल एवं थान सिंह बिष्ट मौजूद रहे। इसके अलावा दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई प्रभारी सुभाष बाबू, खलील अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








