नैनीताल SSP मंजूनाथ टीसी का तबादला, अर्पण यदुवंशी बने नए कप्तान; 17 IPS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 17 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत प्रदेश के कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी), पुलिस अधीक्षकों और वाहिनियों के सेनानायकों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।इस फेरबदल में कुमाऊं मंडल के दो महत्वपूर्ण जिलों नैनीताल और ऊधमसिंहनगर में भी नए एसएसपी की तैनाती की गई है। मणिकांत मिश्रा को ऊधमसिंहनगर का नया एसएसपी बनाया गया है, जबकि नैनीताल की जिम्मेदारी अर्पण यदुवंशी को सौंपी गई है। वहीं, नैनीताल के मौजूदा एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है।शासनादेश के अनुसार श्वेता चौबे को एक बार फिर आईआरबी द्वितीय का कमांडेंट बनाया गया है। वह वर्तमान में एसएसपी टिहरी की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। उनकी जगह सरिता डोबाल को एसएसपी टिहरी नियुक्त किया गया है।तबादला सूची में पंकज भट्ट को 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर से सेनानायक आईआरबी प्रथम बेलपड़ाव भेजा गया है। मणिकांत मिश्रा को पुलिस अधीक्षक अभिसूचना से एसएसपी ऊधमसिंहनगर बनाया गया है। अमित श्रीवास्तव प्रथम को पुलिस अधीक्षक सीआईडी सेल देहरादून से पुलिस अधीक्षक अभिसूचना की जिम्मेदारी दी गई है।अमित श्रीवास्तव द्वितीय को पुलिस मुख्यालय से पुलिस अधीक्षक चमोली बनाया गया है, जबकि देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर से एसएसपी पौड़ी नियुक्त किया गया है। अर्पण यदुवंशी को सेनानायक एसडीआरएफ से एसएसपी नैनीताल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके अलावा विशाखा अशोक भदाणे को आईआरबी द्वितीय से पुलिस मुख्यालय, अजय गणपति कुमार को एसएसपी ऊधमसिंहनगर से सेनानायक एसडीआरएफ तथा सर्वेश पंवार को एसएसपी पौड़ी से पुलिस अधीक्षक सुरक्षा, अभिसूचना मुख्यालय भेजा गया है।जितेंद्र मेहरा को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर से पुलिस मुख्यालय, हरिश वर्मा को आईआरबी प्रथम बेलपड़ाव से 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर और सुरजीत पंवार को पुलिस अधीक्षक चमोली से पुलिस मुख्यालय स्थानांतरित किया गया है।वहीं, शाहजहां जावेद खान को अपर पुलिस अधीक्षक यातायात निदेशालय से पुलिस अधीक्षक फायर सर्विस तथा जगदीश चन्द्र को पुलिस अधीक्षक नगर नैनीताल से पुलिस अधीक्षक बागेश्वर बनाया गया है।पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल से नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, पौड़ी, टिहरी और चमोली समेत कई जिलों में पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारियां बदल गई हैं। अब नए अधिकारियों के कार्यभार संभालने के बाद संबंधित जिलों में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात प्रबंधन की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी।

सम्बंधित खबरें