
हल्द्वानी। तल्ली बमौरी-3, श्याम बिहार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी महिलाओं और परिवारों से संवाद स्थापित करना रहा। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पहुंचीं पदाधिकारियों ने बच्चों और लाभार्थी महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली।इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत 15 नन्हे बच्चों को कॉपियां, फल और चॉकलेट वितरित की गईं। शिक्षण सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अतिथियों ने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और स्वच्छता का ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास और शिक्षा की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी महिलाओं से भी संवाद किया गया। महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से मिल रही सुविधाओं और योजनाओं के बारे में अपने अनुभव साझा किए। अतिथियों ने महिलाओं को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अपने बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जानकी बिष्ट सहित सहायिका तारा रावत उपस्थित रहीं। केंद्र की व्यवस्थाओं और बच्चों के प्रति समर्पण के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जानकी बिष्ट और सहायिका तारा रावत को सम्मानित भी किया गया। अतिथियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं बच्चों तथा महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी का काम करती हैं।इस अवसर पर प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी भूमिका गोयल, काठगोदाम मंडल अध्यक्ष बसंती मेहरा सहित भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम की संयोजक प्रतिभा जोशी रहीं। उपस्थित पदाधिकारियों ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों को आगे भी सहयोग देने का आश्वासन दिया।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








