
हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन मुख्य वाहन चोर और चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने तथा उनके पार्ट्स काटकर बेचने वाला एक मैकेनिक शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे वाहन चोरी विरोधी अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, बनभूलपुरा क्षेत्र में वाहन चोरी की दो घटनाओं के संबंध में मुकदमे दर्ज किए गए थे। 11 अक्टूबर 2026 को इंद्रानगर काटा निवासी नाजिम की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल घर के बाहर से चोरी हो गई थी। इस मामले में बनभूलपुरा कोतवाली में मुकदमा संख्या 171/2026 दर्ज किया गया। वहीं, 24 अक्टूबर को गांधी स्कूल के पास रहने वाले निजाम की मोटरसाइकिल उत्तर उजाला क्षेत्र से चोरी हुई थी। इस मामले में मुकदमा संख्या 185/2026 पंजीकृत किया गया।लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन, सीओ हल्द्वानी रविकांत सेमवाल और बनभूलपुरा प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से पांच नवंबर को गौला बाईपास रोड से संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन पाठक (20), योगेश कुमार आर्या (21), दीपक शर्मा (21) और विजय श्रीवास्तव (22) के रूप में की है। करन, योगेश और दीपक मुखानी क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि विजय श्रीवास्तव हल्द्वानी के जीतपुर नेगी क्षेत्र का निवासी है और मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता है।**छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद**पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जो बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र के मामलों से संबंधित हैं। इसके अलावा विजय श्रीवास्तव के कब्जे से स्प्लेंडर प्रो, स्प्लेंडर प्लस और पल्सर मोटरसाइकिलें भी बरामद हुईं। ये वाहन काठगोदाम, हल्द्वानी और भीमताल क्षेत्र से संबंधित बताए गए हैं।**मैकेनिक को बेचते थे चोरी की बाइक**पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे और उन्हें विजय श्रीवास्तव को बेच देते थे। विजय चोरी की बाइकों को उत्तर प्रदेश से लोगों को बुलाकर बेचता था या उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बाजार में खपाता था। इससे मिलने वाली रकम आरोपियों के बीच बांट ली जाती थी।पुलिस के मुताबिक, करन पाठक, योगेश कुमार और दीपक शर्मा के खिलाफ काठगोदाम कोतवाली में भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।**कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम**पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज यादव, हेड कांस्टेबल आनंद पुरी, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, रवीन्द्र खाती, महबूब अली, रोहित कुमार, प्रेम प्रकाश और सुनील कुमार शामिल रहे।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें







