
देहरादून : उत्तराखण्ड राज्योत्सव के अवसर पर शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 15 विभूतियों को उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया। राज्य के विकास, सामाजिक सेवा, शिक्षा, चिकित्सा, कला, संस्कृति, पर्यावरण और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली हस्तियों को यह सम्मान प्रदान किया गया।राजनीतिक एवं शासकीय क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए स्वर्गीय मेजर जनरल भुवन चन्द्र खण्डूड़ी को मरणोपरांत सम्मानित किया गया। चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. जीवन सिंह तितियाल, उद्यमिता के क्षेत्र में मनमोहन भारद्वाज, फिल्म जगत में योगदान के लिए हिमानी शिवपुरी, लोक जागर गायन के क्षेत्र में हेमा नेगी करासी तथा शिक्षा एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को सम्मान प्रदान किया गया।इसी क्रम में सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अनीता थपलियाल शर्मा एवं कश्मीर सिंह, पर्यावरण संरक्षण के लिए पर्यावरणविद् सुरेश भाई तथा लोक गायन के क्षेत्र में रेशमा शाह को सम्मानित किया गया।खेल के क्षेत्र में प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली एकता बिष्ट, वंदना कटारिया, अंकिता ध्यानी, निकिता चंद एवं कपिल पोखरिया को भी उत्तराखण्ड गौरव सम्मान पुरस्कार-2026 प्रदान किया गया।उत्तराखण्ड गौरव सम्मान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने और समाज एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित करने की पहल है। इस सम्मान के माध्यम से न केवल प्रतिभाओं के योगदान को पहचान मिलती है, बल्कि नई पीढ़ी को भी समाज और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलती है।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें







