
नैनीताल : सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय लेक सिटी वेलफेयर क्लब द्वारा सोमवार को होटल पवेलियन में पारंपरिक विधि-विधान के साथ “हरेला पखवाड़ा” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्लब की सदस्याओं, गणमान्य नागरिकों एवं अतिथियों ने सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुमाऊँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत एवं विधायक सरिता आर्या ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद क्लब की महिलाओं ने सूखी मिट्टी में सप्त अनाजों की बुवाई कर हरेला पर्व की पारंपरिक शुरुआत की।मुख्य अतिथि निवेदिता कुकरेती ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति प्रेम, संरक्षण और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विलुप्त होती पारंपरिक संस्कृति और लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का यह एक सशक्त माध्यम है तथा सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने लेक सिटी वेलफेयर क्लब द्वारा संस्कृति संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। विधायक सरिता आर्या ने भी क्लब के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि संस्था पिछले 17 वर्षों से हरेला जैसे पारंपरिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को अपनी संस्कृति से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक लोकनृत्य झोड़ा की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। “खोल दे माता खोल भवानी, धार में किवाड़ा” तथा “दैणा होया खोली का गणेशा” जैसे लोकगीतों पर प्रस्तुत झोड़ा ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम संयोजक गीता साह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरेला प्रकृति के प्रति श्रद्धा और हरियाली का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण, जैव विविधता के संवर्धन तथा उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि हरेला पखवाड़ा पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने की प्रेरणा देता है।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें







