
रिपोर्ट- (सुनील भारती) नैनीताल…नैनीताल। कैंचीधाम क्षेत्र में मंगलवार तड़के दूध लेकर जा रहा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 से 150 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। वाहन नदी के समीप जा पहुंचा। हादसे में वाहन चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। गनीमत रही कि समय रहते दुर्घटना का पता चल गया और पुलिस व एसडीआरएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाल लिया।पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह करीब पांच बजे कैंची मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास एक स्थानीय व्यक्ति को सड़क से काफी नीचे नदी की ओर वाहन की रोशनी दिखाई दी। उसे वाहन के खाई में गिरने का संदेह हुआ तो उसने तत्काल कैंचीधाम पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की।सर्च अभियान के दौरान नदी के पास गहरी खाई में दूध का पिकअप वाहन यूके04 सीसी 3465 मिला। वाहन में तीन लोग घायल अवस्था में फंसे थे। खाई की दुर्गम स्थिति को देखते हुए पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जवानों ने खाई में उतरकर वाहन तक पहुंच बनाई और काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को बाहर निकाला।रेस्क्यू के बाद घायलों को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया गया। घायलों की पहचान चालक अंकित सिंह (33) पुत्र स्व. सतपाल सिंह, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी, बॉबी (22) पुत्र ओम प्रकाश, निवासी बड़ी मंडी, सनी बाजार रोड, हल्द्वानी और मोहम्मद साकिब (11) पुत्र नफीस अहमद, निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है।हादसे की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी कैंचीधाम उपनिरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। रेस्क्यू में अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी के साथ एसडीआरएफ जवानों व स्थानीय लोगों ने सहयोग किया। दुर्गम खाई में अंधेरे के बीच अभियान चलाकर तीनों घायलों को समय रहते बाहर निकाला गया।



यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








