
हल्द्वानी : पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (PCTM), हल्द्वानी एवं विज़नरी इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय Visionary India Model United Nations (VIMUN)-2026 का रविवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक सुमित हृदयेश ने विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए।अपने संबोधन में विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि मॉडल यूनाइटेड नेशंस जैसे आयोजन विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद, कूटनीति, तार्किक सोच तथा वैश्विक मुद्दों की समझ विकसित करने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसे शैक्षणिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।कार्यक्रम में पाल कॉलेज के प्रबंध निदेशक निर्भय पाल, अध्यक्ष नारायण पाल, सचिव कामिनी पाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अतुल पाल, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर शिवांगी पाल, जनसंपर्क अधिकारी शुभांगी शांडिल्य, हेड ऑफ ऑपरेशन्स भानु भिष्ट, प्राध्यापकगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।विज़नरी इंडिया के को-फाउंडर एवं डायरेक्टर जनरल हरमन सिंह, डिप्टी सेक्रेटरी जनरल अनिश्का, एसोसिएट टीम मेंबर ओजस्विन, को-फाउंडर ऋषभ खत्री तथा फाइनेंशियल एडवाइजर स्वर्णिम ने प्रतिभागियों, फैकल्टी मेंटर्स एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि VIMUN-2026 विद्यार्थियों के लिए सीखने, विचार-विमर्श और नेतृत्व कौशल विकसित करने का यादगार मंच साबित हुआ।समारोह के दौरान छह विभिन्न समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिनिधियों को बेस्ट डेलीगेट, हाई कमेंडेशन, स्पेशल मेंशन एवं वर्बल मेंशन श्रेणियों में सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।सम्मेलन के दूसरे दिन लोकसभा, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC), संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (UNHRC), संयुक्त राष्ट्र महिला स्थिति आयोग (UNCSW) तथा अन्य समितियों में राष्ट्रीय सुरक्षा, मानवाधिकार, वैश्विक शांति, लैंगिक समानता और खेल प्रबंधन जैसे समसामयिक विषयों पर गहन बहस और कूटनीतिक संवाद हुए। प्रतिभागियों ने शोध आधारित प्रस्तुतियों, तार्किक सोच और प्रभावी वक्तृत्व का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।कार्यक्रम का समापन प्रिज़्म बैंड की मनमोहक संगीत प्रस्तुति के साथ हुआ। आयोजन ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को एक साझा मंच प्रदान कर नेतृत्व, कूटनीतिक सोच, संवाद कौशल एवं जिम्मेदार नागरिकता के मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पाल कॉलेज ने इस सफल आयोजन के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नवाचार और समग्र व्यक्तित्व विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर रेखांकित किया।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








