
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर उत्तराखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़कों के निर्माण और प्रस्तावों की स्वीकृति को लेकर चर्चा की। इस दौरान प्रदेश में 315 सड़कों के प्रस्तावों को मंजूरी देने का विषय प्रमुखता से उठाया गया।मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने के उद्देश्य से केंद्र सरकार को 315 सड़कों के प्रस्ताव भेजे गए हैं। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश की 610 बसावटों को सड़क संपर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ ही स्थानीय लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।मुख्यमंत्री धामी ने इन प्रस्तावों को जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों वाले उत्तराखंड में सड़क संपर्क ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। सड़कों का विस्तार होने से सीमांत और दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि उत्तराखंड की ओर से प्रस्तुत सड़क निर्माण के प्रस्तावों को जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों का निर्माण इस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे ग्रामीण आबादी को बेहतर संपर्क सुविधा मिलने के साथ ही प्रदेश के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








