
हल्द्वानी : भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी भुवन भट्ट ने उत्तराखंड में पार्टी के पुराने एवं जमीनी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से भाजपा से जुड़े हुए हैं और बड़े दुख के साथ यह कहना पड़ रहा है कि जिन कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और त्याग से पार्टी उत्तराखंड में दो बार सत्ता में आई, आज वही कार्यकर्ता उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं।भुवन भट्ट ने कहा कि पार्टी में बाहर से आए दल-बदलू नेताओं को महत्वपूर्ण पद और जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, जबकि वर्षों से संगठन के लिए कार्य कर रहे निष्ठावान कार्यकर्ताओं को केवल कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने, दरी बिछाने, पुतला दहन करने और होर्डिंग लगाने तक सीमित कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों की स्थिति और भी चिंताजनक है। स्थानीय अधिकारियों एवं सत्ता से जुड़े कुछ प्रभावशाली लोगों की मनमानी के कारण आम जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है।भुवन भट्ट ने पार्टी नेतृत्व से मांग की कि जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे समर्पित कार्यकर्ताओं को संगठन में उचित सम्मान, स्थान और जिम्मेदारी दी जाए। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों में अधिकारियों की मनमानी पर रोक लगाकर जनता एवं कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्यकर्ताओं का सम्मान और मनोबल इसी प्रकार प्रभावित होता रहा तो संगठन की जमीनी मजबूती कमजोर पड़ सकती है, जिसका असर भविष्य में पार्टी पर भी देखने को मिल सकता है।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








