
हल्द्वानी। देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हरेला पखवाड़ा का शुभारंभ सवर्ण शक्ति संगठन उत्तराखंड एवं सशक्त एकता उद्योग व्यापार मण्डल उत्तराखंड के संयुक्त तत्वावधान में कमलुआगांजा रोड स्थित उषा रूपक कॉलोनी, हनुमान मंदिर के समीप हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर आम, अमरूद, नींबू, आंवला सहित विभिन्न फलदार पौधों का रोपण कर हरित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सवर्ण शक्ति संगठन उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष भुवन भट्ट ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण ही सच्ची देशभक्ति है।
उन्होंने कहा कि संगठन हल्द्वानी से लेकर कालाढूंगी तक हरित अभियान चलाकर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करेगा तथा लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा। उन्होंने सभी से एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का आह्वान किया।
संगठन की अध्यक्ष सीमा बत्रा ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का अभियान सफल हो सकता है। यदि हर परिवार एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हराभरा वातावरण मिल सकेगा।तेज सिंह कार्की ने कहा कि हरेला पर्व प्रकृति और मानव के अटूट संबंध का प्रतीक है। वृक्षारोपण राष्ट्र सेवा के समान है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी सहभागिता निभानी चाहिए।
सशक्त एकता उद्योग व्यापार मण्डल उत्तराखंड महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति अवस्थी ने कहा कि व्यापार के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी आवश्यक है। हरेला पखवाड़े के माध्यम से हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में हरित क्रांति का संदेश दिया जाएगा तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।पूर्व ब्लॉक प्रमुख दीपाली कन्याल ने कहा कि एक पेड़ लगाना आने वाली पीढ़ियों को जीवन देने के समान है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
संजय बिष्ट ने कहा कि कुमाऊँ क्षेत्र में लगातार पेड़ों की कटाई हो रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि संगठन ने संकल्प लिया है कि अधिक से अधिक स्थानों पर वृक्षारोपण कर हरियाली बढ़ाई जाएगी और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने “एक पेड़ उत्तराखंड के नाम”, “एक पेड़ देवभूमि के नाम” और “एक पेड़ लगाएं, भविष्य बचाएं” जैसे नारों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संजय बिष्ट, सतीश तिवारी, दीप्ती गुरूरानी, मीनाक्षी, तरजीत कौर, पूजा भट्ट, ममता आहूजा, भवान बिष्ट, मृदुला, प्रभा खनका, अलका वैष्णेय, मंजू साह, प्रियंका सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेकर किया गया।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








