
नैनीताल :नैनीताल मे लगातार हो रही भारी बारिश के बाद नैनीताल नगर के सात नंबर स्थित अल्मा कॉटेज क्षेत्र में बढ़ते भूधंसाव और भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। देर रात हुए भूस्खलन के बाद शनिवार को एसडीएम नवाजिश खलिक ने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित विभागों को तत्काल बचाव एवं सुरक्षा कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही एहतियात के तौर पर प्रभावित सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करने के आदेश जारी किए गए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
एसडीएम नवाजिश खलिक ने कहा कि प्रभावित परिवारों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सुरक्षा कार्य पूर्ण होने तक जोखिम वाले भवनों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। इसके अलावा सिंचाई विभाग को त्वरित बचाव कार्य शुरू करने तथा लोनिवि सहित अन्य विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।गौरतलब है कि अल्मा कॉटेज क्षेत्र में पिछले वर्ष से ही सड़क और पहाड़ी में दरारें पड़नी शुरू हो गई थीं। मूसलाधार बारिश के बाद सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने से पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसककर नीचे नाले में जा गिरा था। समय रहते स्थायी सुरक्षा कार्य नहीं होने के कारण इस वर्ष मानसून के दौरान दोबारा भूधंसाव शुरू हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय सभासद जितेंद्र पांडे ने बताया कि लगातार हो रहे भूधंसाव के कारण सड़क के ऊपरी हिस्से में स्थित पांच तथा निचले हिस्से के सात परिवारों के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र स्थायी सुरक्षा कार्य कराकर प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग की है।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








