टोल पास जारी करने की मांग को लेकर टैक्सी यूनियनों का पालिका में प्रदर्शनपास जारी नहीं होने से नाराज चालकों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

रिपोर्ट : कांता पाल

नैनीताल : नैनीताल शहर में टोल पास जारी नहीं किए जाने से नाराज टैक्सी यूनियनों ने बुधवार को नगरपालिका परिषद कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर जल्द टोल पास जारी करने की मांग की। प्रदर्शनकारी टैक्सी चालकों ने कहा कि कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे उन्हें रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद पंजीकृत टैक्सी वाहनों के नैनीताल शहर में प्रवेश पर उत्तराखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) द्वारा प्रतिबंध लगाया गया था। बाद में आरटीओ ने प्रतिबंध हटाने की बात कही और नगरपालिका प्रशासन ने भी शहर में संचालन के लिए टोल पास जारी करने का आश्वासन दिया था।

इसके बावजूद आज तक पात्र टैक्सी वाहनों को टोल पास उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।टैक्सी यूनियन अध्यक्ष दीपक मटियाली ने कहा कि टोल पास जारी नहीं होने से टैक्सी चालकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने पालिका प्रशासन से सभी पात्र टैक्सी वाहनों के टोल पास शीघ्र जारी करने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो टैक्सी यूनियन आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होगी।

प्रदर्शन के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों और प्रशासन की होगी।प्रदर्शन में तल्लीताल टैक्सी यूनियन के रमेश जोशी, दीवान रौतेला, राहुल शाह, प्रवीण बिष्ट, गोविंद पवार, ललित जोशी, सुनील जोशी, निर्मल जीवन मिरोला, पुनीत साह, विक्की सहित बड़ी संख्या में टैक्सी चालक एवं यूनियन सदस्य उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें