

हल्द्वानी : उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” के तहत सोमवार को नैनीताल जिले के 37 चयनित श्रद्धालुओं का दल हल्द्वानी से देहरादून के लिए रवाना हुआ। हल्द्वानी रोडवेज बस स्टेशन पर नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया।इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार की यह योजना उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि सरकार यात्रियों के आने-जाने, आवास, भोजन, चिकित्सा एवं अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु भगवान सोमनाथ के दर्शन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि एवं उन्नति की कामना करेंगे।जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि हल्द्वानी से रवाना हुए श्रद्धालु देहरादून पहुंचेंगे, जहां उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से आए यात्रियों का समागम होगा।
इसके बाद हर्रावाला (देहरादून) से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर गुजरात स्थित प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ धाम के लिए रवाना करेंगे।उन्होंने बताया कि श्रद्धालु अपने साथ उत्तराखण्ड के सभी 13 जनपदों से एकत्रित पवित्र जल से भरे कलश भी सोमनाथ धाम लेकर जाएंगे। विशेष ट्रेन के माध्यम से संचालित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक यात्रा में यात्रियों के लिए वातानुकूलित रेल यात्रा, आवास, भोजन और स्थानीय परिवहन सहित सभी व्यवस्थाएं राज्य सरकार द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रा में महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक, युवा, स्वयंसेवक एवं समाजसेवा से जुड़े लोग शामिल हैं। योजना का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को देश की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है।
नैनीताल जिले से इस यात्रा में 14 महिलाएं एवं 23 पुरुष, कुल 37 श्रद्धालु शामिल हैं।इस अवसर पर उत्तराखण्ड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री दीपक माहरा, मोहन पाठक, सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण खाती, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी मोनिका, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, खण्ड विकास अधिकारी असगर तनवीर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








