
हल्द्वानी। मंडी चौकी क्षेत्र के गोरापड़ाव में बुधवार देर रात खुद को पुलिस की एसओजी टीम बताकर लूट की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। कार सवार करीब 8 से 10 लोगों ने एक कार्यालय में पार्टी कर रहे लोगों को तमंचे के दम पर डराया और जुए की रकम के साथ उनके आभूषण भी लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी बरेली रोड की ओर फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र के एक कार्यालय में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान एक कार वहां पहुंची। कार में करीब 8 से 10 लोग सवार थे। आरोप है कि उन्होंने खुद को पुलिस की एसओजी टीम बताया और तमंचा दिखाकर वहां मौजूद लोगों को धमकाना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मी समझकर लोग विरोध नहीं कर सके।आरोप है कि बदमाशों ने वहां मौजूद लोगों से जुए में लगी पूरी रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके अलावा लोगों की अंगूठियां और गले में पहनी चेन भी उतरवा ली। इसके बाद सभी आरोपी कार से बरेली रोड की ओर फरार हो गए।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








