
हल्द्वानी। गोरापड़ाव क्षेत्र में 19 अगस्त को हुई लाखों रुपये की डकैती का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये की नकदी, एक तमंचा, पिस्टल से संबंधित सामान और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार 19 अगस्त की शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के गोरापड़ाव में हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले में नारायण दास निवासी अंबा बिहार, तीनपानी की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में 10 अज्ञात हथियारबंद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।तहरीर के अनुसार बदमाशों ने गोरापड़ाव स्थित कार्यालय/गैराज में हथियारों के बल पर करीब आठ लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन और सोने की तीन चेन व अंगूठी आदि लूट ली थी।घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की गई।



टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक, एसपी हल्द्वानी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञ शामिल रहे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस फुटेज की बारीकी से जांच की।जांच के दौरान पुलिस को वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू निवासी सितारगंज और रखवीर सिंह निवासी ईश्वरपुर, शीशगढ़, बरेली पर संदेह हुआ। पूछताछ में दोनों ने डकैती की घटना में शामिल होना स्वीकार किया।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि किच्छा निवासी यश सिडाना लाखों रुपये का जुआ हार गया था और आर्थिक तंगी से गुजर रहा था। इसके बाद गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की जानकारी के आधार पर डकैती की योजना बनाई गई।
आरोपियों ने घटनास्थल की पहले रेकी की और बाद में अन्य लोगों को भी योजना में शामिल किया। नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर वारदात को अंजाम दिया और नकदी, मोबाइल व आभूषण लेकर फरार हो गए।पुलिस के अनुसार लूटी गई रकम आपस में बांटने के बाद आरोपियों ने डिजिटल साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में फेंक दिए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 61(2) और 317(3) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि घटना संगठित तरीके से किए जाने के आधार पर बीएनएस के प्रावधानों के तहत भी आगे कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी:1. वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, निवासी विथा अकबर, सितारगंज, ऊधम सिंह नगर, उम्र 25 वर्ष।2. रखवीर सिंह, निवासी ईश्वरपुर, थाना शीशगढ़, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, उम्र 28 वर्ष।बरामदगी:वंशप्रीत सिंह से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। रखवीर सिंह के कब्जे से 35 हजार रुपये, एक 315 बोर का तमंचा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।पुलिस के अनुसार रखवीर सिंह का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं वंशप्रीत सिंह का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।डकैती कांड के खुलासे में शामिल पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल की ओर से 2,500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








