उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के छात्रों को बड़ी राहत, प्रवेश शुल्क पर नहीं लगेगा अतिरिक्त भुगतान शुल्क

हल्द्वानी : उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के छात्रों को बड़ी राहत, प्रवेश शुल्क पर नहीं लगेगा अतिरिक्त भुगतान शुल्कहल्द्वानी, 7 जुलाई। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब विश्वविद्यालय में ऑनलाइन प्रवेश लेते समय छात्रों को निर्धारित प्रवेश शुल्क के अलावा किसी भी प्रकार का अतिरिक्त भुगतान शुल्क (कन्वीनियंस/पेमेंट चार्ज) नहीं देना होगा। यह सुविधा उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय और पंजाब नेशनल बैंक, रेलवे बाजार शाखा हल्द्वानी के संयुक्त प्रयास से शुरू की गई है।अब तक ऑनलाइन प्रवेश शुल्क जमा करते समय विद्यार्थियों को मूल शुल्क के अतिरिक्त भुगतान करना पड़ता था, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था। पंजाब नेशनल बैंक ने अपने तकनीकी सहयोगी PAYU के माध्यम से नया भुगतान गेटवे उपलब्ध कराया है, जिसके जरिए छात्र क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, यूपीआई सहित विभिन्न डिजिटल माध्यमों से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के प्रवेश शुल्क जमा कर सकेंगे। विश्वविद्यालय के अनुसार, नए भुगतान गेटवे से अब तक दो लाख रुपये से अधिक की प्रवेश शुल्क राशि सफलतापूर्वक जमा हो चुकी है।विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नवीन चन्द्र लोहनी ने कहा कि छात्र हित विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कार्यभार संभालने के बाद उन्हें ऑनलाइन भुगतान के दौरान अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने की जानकारी मिली थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए पंजाब नेशनल बैंक के सहयोग से इसका स्थायी समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से विद्यार्थियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ समाप्त होगा और विश्वविद्यालय की पारदर्शी, सरल एवं छात्र-केंद्रित डिजिटल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। कुलपति ने इस सहयोग के लिए पंजाब नेशनल बैंक का आभार भी व्यक्त किया।प्रवेश प्रभारी डॉ. सुमित प्रसाद ने बताया कि वर्तमान ग्रीष्मकालीन प्रवेश सत्र में अब तक 9,500 से अधिक विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही विश्वविद्यालय की परीक्षा संबंधी विभिन्न शुल्कों का ऑनलाइन भुगतान भी इसी पीएनबी भुगतान गेटवे से कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. गिरिजा पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थियों पर अतिरिक्त भुगतान का बोझ समाप्त होना सराहनीय पहल है। इससे डिजिटल भुगतान प्रणाली के प्रति विद्यार्थियों का विश्वास बढ़ेगा तथा डिजिटल इंडिया अभियान को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने सुझाव दिया कि पंजाब नेशनल बैंक विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो “हैलो हल्द्वानी” के माध्यम से वित्तीय साक्षरता एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का प्रसारण भी कर सकता है।पंजाब नेशनल बैंक, रेलवे बाजार शाखा की शाखा प्रबंधक श्रीमती बबीता कांडपाल ने कहा कि बैंक विद्यार्थियों को सुरक्षित, सरल और अतिरिक्त शुल्क मुक्त डिजिटल भुगतान सुविधा उपलब्ध कराकर प्रसन्न है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बैंक भविष्य में भी विश्वविद्यालय के साथ विभिन्न कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देता रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने बैंक की ओर से विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो “हैलो हल्द्वानी” की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए सैमसंग गैलेक्सी S25 स्मार्टफोन भी भेंट किया।कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के कुलसचिव खेमराज भट्ट ने सभी अतिथियों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम बताया।

सम्बंधित खबरें