उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 36वीं विद्यापरिषद बैठक सम्पन्न, 19 प्रस्तावों को मिली सर्वसम्मति से मंजूरी

हल्द्वानी : उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की 36वीं विद्यापरिषद की बैठक शुक्रवार को विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड में सम्पन्न हुई। बैठक में बाह्य विशेषज्ञ सदस्य ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए, जबकि विश्वविद्यालय के आंतरिक सदस्यों ने प्रत्यक्ष रूप से सहभागिता की।

बैठक में कुलसचिव एवं सदस्य सचिव खेमराज भट्ट ने कार्यसूची के सभी 19 प्रस्ताव परिषद के समक्ष प्रस्तुत किए। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद सभी प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित एवं संस्तुत किया गया।

परिषद ने 35वीं विद्यापरिषद की कार्यवाही एवं उस पर की गई अनुपालन कार्रवाई का अनुमोदन किया। साथ ही यूजीसी-डीईबी से प्राप्त मान्यता के आधार पर बी.एड. (ओडीएल) एवं बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इन्फॉर्मेशन साइंस कार्यक्रमों के संचालन, नेपाली विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी), शोधार्थियों की अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रमों में सहभागिता हेतु प्रायोजन नीति तथा पीएच.डी. प्रवेश व्यवस्था से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी बनने के बाद प्रथम बार हल्द्वानी पहुंचे प्रकाश जोशी, स्वराज आश्रम में हुआ भव्य स्वागत

बैठक में ‘स्वामी विवेकानन्द उत्तराखण्ड ई-पुस्तकालय योजना’, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में पुरानी अध्ययन सामग्री का निःशुल्क वितरण, दीक्षांत समारोह से पूर्व उपाधि प्रदान करने की व्यवस्था, यूजीसी के निर्देशों के अनुरूप कृषि एवं उद्यानिकी विषयों के संचालन तथा रसायन विज्ञान एवं गणित विभाग के शोधार्थियों की पीएच.डी. मौखिक परीक्षाओं की आख्या को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

यह भी पढ़ें 👉  30 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, नैनीताल डीएम ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को किया हाई अलर्ट

इसके अलावा विश्वविद्यालय के अध्ययन केन्द्रों पर एनसीवीईटी मान्यता प्राप्त कार्यक्रमों के संचालन की नियमावली, सीआईक्यूए की बैठक की संस्तुतियाँ, विभिन्न विद्याशाखाओं के बोर्ड ऑफ स्टडीज़ की अनुशंसाएँ, परीक्षा परिणामों में स्क्रूटनी के बाद प्राप्त भिन्नताओं से संबंधित विषय तथा पंजीकृत शिक्षार्थियों के हित में दूरदर्शन उत्तराखण्ड पर प्रतिदिन 30 मिनट का समय स्लॉट उपलब्ध कराने के प्रस्तावों को भी परिषद ने मंजूरी दी।

बैठक में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। ऑनलाइन माध्यम से प्रो. एच.सी. पोखरियाल, प्रो. पी.एस. बिष्ट, डॉ. मनु प्रताप सिंह एवं डॉ. एच.सी. पुरोहित सहित अन्य बाह्य विशेषज्ञों ने सहभागिता की। विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, संकाय सदस्य एवं आमंत्रित सदस्य भी बैठक में उपस्थित रहे।

सम्बंधित खबरें