
नैनीताल : प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर नैनीताल की बेटी कृतिका साह ने प्रतिष्ठित CSIR-UGC NET जून 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। भीमताल स्थित कुमाऊं विश्वविद्यालय के जे.सी. बोस जैव प्रौद्योगिकी विभाग की शोध छात्रा कृतिका साह ने परीक्षा में Junior Research Fellowship (JRF) प्राप्त करते हुए देशभर में ऑल इंडिया 68वीं रैंक हासिल की है।कृतिका की इस उपलब्धि से उनके परिवार, शिक्षकों और कुमाऊं विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने न केवल नैनीताल,कुमाऊं एवं साह समाज का नाम रोशन किया है, बल्कि यह भी साबित किया है कि निरंतर मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।
CSIR-UGC NET देश की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में शामिल है। इसमें JRF हासिल करना शोध के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जाता है। कृतिका ने अपनी शैक्षणिक तैयारी और शोध के प्रति प्रतिबद्धता के बल पर इस मुकाम को हासिल किया है।उनकी सफलता खास तौर पर उन युवा छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है, जो उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने का सपना देख रही हैं। कृतिका की उपलब्धि से यह संदेश भी मिलता है कि छोटे शहरों और पर्वतीय क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का सामर्थ्य रखती हैं।कृतिका साह की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों, सहपाठियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








