
पंतनगर (ऊधमसिंह नगर) : पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में आयोजित दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हरित क्रांति की पावन भूमि पंतनगर में आकर वे स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय भारतीय कृषि के इतिहास का गौरवशाली केंद्र है, जिसने देश को वैज्ञानिक, नीति-निर्माता, कृषि उद्यमी और उत्कृष्ट मानव संसाधन प्रदान किए हैं।उन्होंने कहा कि भारत आज लगभग 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है और चावल उत्पादन में चीन को पीछे छोड़कर विश्व में प्रथम स्थान पर पहुंच चुका है। भारतीय गेहूं और बासमती चावल की मांग दुनिया भर में बढ़ रही है, जिसमें पंतनगर विश्वविद्यालय का योगदान अतुलनीय है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, भूजल स्तर में गिरावट, बदलते मौसम और मिट्टी के बिगड़ते स्वास्थ्य जैसी चुनौतियों का समाधान वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार से ही संभव है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब कृषि विकसित और किसान समृद्ध होंगे।पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने सभी से अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में विश्वविद्यालयों के पूर्व छात्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूर्व छात्रों से कृषि, अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप और युवाओं के मार्गदर्शन में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय एआई, ड्रोन तकनीक, डेटा एनालिटिक्स, जैव प्रौद्योगिकी और डिजिटल कृषि का युग है और इन क्षेत्रों में विश्वविद्यालयों को नई भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पर्वतीय कृषि कई चुनौतियों से जूझ रही है, जिनका समाधान ज्ञान, अनुसंधान और सामूहिक सहभागिता से ही संभव है।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पंतनगर विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित किए जाने का अनुरोध करते हुए कहा कि राज्य गठन के बाद कृषि भूमि कम होने के बावजूद कृषि उत्पादन में तीन लाख टन की वृद्धि हुई है।
जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान की आवश्यकता।पूर्व छात्रों से विकसित उत्तराखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान।कृषि विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित करने की मांग।
इससे पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर संग्रहालय, स्वयं सहायता समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों के साथ धान की रोपाई भी की। केंद्रीय मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, हुकम सिंह कुंवर, रणजीत सिंह नामधारी, कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित अनेक अधिकारी एवं पूर्व छात्र उपस्थित रहे।मुख्य बिंदुपंतनगर विश्वविद्यालय में दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन शुरू।कृषि, नवाचार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने पर जोर।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








