

पौड़ी गढ़वाल। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम पहुंचे, जहां उन्होंने सघन पौधरोपण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पौधे रोपकर लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्रकृति संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाने का आह्वान किया।पौधरोपण के बाद मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने परिसर में संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों तथा आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही परिसर स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और वैज्ञानिक अनुसंधान समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के साथ-साथ औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित शोध, हर्बल पर्यटन तथा स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएंगे।उन्होंने बताया कि मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभर रहा है।इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








