
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्यभर में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण परियोजनाओं हेतु ₹495 करोड़ की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसमें कुम्भ मेला-2027 की तैयारियां, सड़क निर्माण, पर्यटन विकास, धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण, शहरी निकायों और जिला पंचायतों को वित्तीय सहायता सहित कई जनहित योजनाएं शामिल हैं। साथ ही राज्य सरकार एवं स्वायत्त निकायों के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में भी वृद्धि को मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में भारपुर-पोंथ मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए ₹3.08 करोड़ स्वीकृत किए हैं। अल्मोड़ा के भिकियासैंण स्थित शिव मंदिर के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, धारचूला में जुम्मा मल्ला ग्वार से छिपला सरोवर तक मार्ग निर्माण, चौखुटिया में रामपादुका मंदिर स्नान घाट तथा चम्पावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना के लिए भी वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में सीसी मार्ग निर्माण तथा लक्सर में महाराजपुर से गंगदासपुर मार्ग के सुधारीकरण के लिए भी करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
वहीं उधमसिंहनगर के सितारगंज क्षेत्र में विभिन्न ग्रामीण सड़कों के पुनर्निर्माण और विकास कार्यों को भी मंजूरी मिली है।मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के डीडीहाट न्यायालय परिसर में शिशु गृह की स्थापना, रुद्रपुर स्थित 31वीं वाहिनी पीएसी में आरटीसी एवं बैरक निर्माण तथा सीमांत गांव गुंजी के सर्वांगीण विकास के लिए भी धनराशि स्वीकृत की है।
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के लिए शहरी स्थानीय निकायों को ₹328.28 करोड़ तथा जिला पंचायतों को ₹82.21 करोड़ की तदर्थ वित्तीय सहायता देने का भी निर्णय लिया है।नैनीताल जनपद के रामनगर में बहुमंजिला पार्किंग निर्माण के लिए ₹38.58 करोड़, चम्पावत में एडवेंचर पार्क निर्माण तथा देहरादून स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय भवन के विस्तार को भी मंजूरी दी गई है।
कुम्भ मेला-2027 के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ₹43.87 करोड़ की स्वीकृति भी दी गई है। कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का तोहफा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य सरकार एवं राज्य स्वायत्त निकायों के पांचवें और छठवें वेतनमान के कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में वृद्धि को भी मंजूरी दी है।
1 जनवरी 2026 से पांचवें वेतनमान का डीए 474 प्रतिशत से बढ़ाकर 483 प्रतिशत तथा छठवें वेतनमान का डीए 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया जाएगा।दो मोटर मार्गों का बदला नाममुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जनपद के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र में बिडोरा-छेवी पातशाही गेट से धूमखेड़ा मार्ग का नाम “साहिबजादे फतेह सिंह रोड” तथा सौनी-डौडाखाल-तिपोला मोटर मार्ग का नाम राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय पूरण सिंह डंगवाल के नाम पर किए जाने का भी अनुमोदन प्रदान किया है।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








