
रुद्रप्रयाग : विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा इस वर्ष आस्था और श्रद्धा के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। यात्रा शुरू होने के मात्र 39 दिनों के भीतर ही 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यह अब तक का सबसे तेज रिकॉर्ड माना जा रहा है। प्रतिदिन 25 हजार से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं, जिससे इस वर्ष यात्रा के पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ने की संभावना जताई जा रही है।22 अप्रैल को वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भगवान केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। कपाट खुलने के बाद से ही देश-विदेश से श्रद्धालुओं का सैलाब बाबा केदार के दरबार की ओर उमड़ पड़ा। यात्रा के शुरुआती 39 दिनों में ही 10 लाख श्रद्धालुओं के दर्शन करने से नया इतिहास बन गया है।
इन दिनों केदारनाथ धाम में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोषों से गूंज रहा है। गौरीकुंड से लेकर केदारपुरी तक आस्था का जनसैलाब दिखाई दे रहा है। श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े होकर बाबा केदार के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।रुद्रप्रयाग पुलिस के अनुसार अब तक 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। प्रतिदिन 25 हजार से अधिक यात्री धाम पहुंच रहे हैं, जबकि सप्ताहांत और अवकाश के दिनों में यह संख्या और बढ़ जाती है। यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग तथा जिला प्रशासन की टीमें लगातार मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं।
यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालुओं का सीधा लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिल रहा है। होटल व्यवसाय, टैक्सी संचालन, घोड़ा-खच्चर सेवा, डंडी-कंडी श्रमिकों एवं छोटे व्यापारियों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। स्थानीय बाजारों में भी रौनक लौट आई है और व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं।पुलिस प्रशासन यात्रा मार्ग पर अराजक तत्वों एवं अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है।
सीसीटीवी कैमरों और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई जारी है।देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और मौसम की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। शुरुआती 39 दिनों में 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा नए रिकॉर्ड स्थापित करेगी।
बाबा केदार के प्रति अटूट श्रद्धा, प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाएं और लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या ने इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया है। 39 दिनों में 10 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार होना केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि बाबा केदार के प्रति करोड़ों लोगों की असीम आस्था का प्रतीक है।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








