हल्द्वानी : हल्द्वानी के गोलापार स्थित इंटरनेशनल स्टेडियम गोलापार में आज मीडिया 11 और प्राधिकरण 11 के बीच खेले गए रोमांचक क्रिकेट मुकाबले में मीडिया 11 ने शानदार जीत दर्ज करते हुए पांच मैचों की श्रृंखला को 2-2 की बराबरी पर ला खड़ा किया। अब सीरीज का विजेता फाइनल मुकाबले में तय होगा।
आज सुबह खेले गए मुकाबले में मीडिया 11 ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की ओर से हर्ष रावत ने शानदार 42 रन, अंकित साह ने 26 रन और राकेश रावत ने 20 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। इन पारियों की बदौलत मीडिया 11 ने निर्धारित 20 ओवरों में 153 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
प्राधिकरण 11 की ओर से कप्तान ए.पी. बाजपेई, समीर, प्रदीप और शिवम ने एक-एक विकेट हासिल किए
153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्राधिकरण 11 की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में टीम को बड़ा झटका लगा और शुरुआती विकेट जल्दी गिरने लगे। मीडिया 11 की ओर से गेंदबाजी की शुरुआत करने आए राधे ने पहले ओवर में ही विकेट लेकर विपक्षी टीम पर दबाव बना दिया।
इसके बाद हर्ष रावत और अंकित साह की शानदार गेंदबाजी के सामने प्राधिकरण 11 की टीम बैकफुट पर आ गई। हालांकि प्राधिकरण 11 की ओर से अभिषेक ने 37 रन, कुलदीप ने 16 रन और प्रदीप ने 11 रनों की पारी खेलकर टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।
मीडिया 11 की ओर से हर्ष रावत और अंकित साह ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि राधे ने दो विकेट अपने नाम किए। शानदार प्रदर्शन के दम पर मीडिया 11 ने यह मुकाबला 23 रनों से जीतकर श्रृंखला को 2-2 की बराबरी पर पहुंचा दिया।
अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां तय होगा कि सीरीज की ट्रॉफी किस टीम के नाम होगी।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








