एमबीपीजी कॉलेज में बड़ा उलटफेर, निर्दलीय आर्यन बेलवाल ने 466 वोट से जीता अध्यक्ष पद

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ अध्यक्ष पद की मतगणना पूरी होने के साथ ही चुनाव परिणाम सामने आ गया। अध्यक्ष पद पर ABVP से बागी होकर निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे आर्यन बेलवाल ने शानदार जीत दर्ज की। आर्यन बेलवाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी NSUI के मेहुल शाह को 466 वोटों के अंतर से हराया।मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल को 1723 वोट मिले, जबकि NSUI प्रत्याशी मेहुल शाह को 1257 वोट प्राप्त हुए। वहीं ABVP के धीरज बिष्ट 988 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।आर्यन बेलवाल की जीत को एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। चुनाव से पहले ABVP से टिकट नहीं मिलने के बाद आर्यन ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला किया था। इसके बाद उन्होंने संगठन के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरकर अपनी चुनौती पेश की और अंततः अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की।आर्यन बेलवाल पिछले करीब चार वर्षों से छात्रसंघ चुनाव की तैयारी में जुटे थे। टिकट न मिलने के बाद निर्दलीय मैदान में उतरना और फिर प्रमुख छात्र संगठनों के प्रत्याशियों को पीछे छोड़कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज करना उनके चुनावी अभियान की प्रमुख खासियत रही।परिणाम घोषित होने के बाद एमबीपीजी कॉलेज परिसर में आर्यन बेलवाल के समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने नारेबाजी कर जीत का जश्न मनाया और आर्यन को बधाइयां दीं।अध्यक्ष पद के परिणाम ने एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में इस बार समीकरण बदल दिए। एक ओर ABVP और NSUI के अधिकृत प्रत्याशी मैदान में थे, वहीं दूसरी ओर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में आर्यन बेलवाल ने मुकाबले में जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक पकड़ का प्रदर्शन किया।

सम्बंधित खबरें