
देहरादून : उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ जल्द धरातल पर उतरने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योजना को पहले ही अनुमोदन प्रदान कर चुके हैं। अब मुख्यमंत्री द्वारा इसका विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।इस योजना में सिविल सर्विसेज (UPSC/PSC), रक्षा सेवाओं (CDS), बैंकिंग, रेलवे, SSC सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शामिल है। इसके अलावा प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश एवं पात्रता निर्धारण के लिए आयोजित होने वाली CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी ऑनलाइन मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।सरकार का उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है। योजना का सबसे अधिक लाभ दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों को मिलने की उम्मीद है। आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण महंगी कोचिंग का लाभ नहीं उठा पाने वाले विद्यार्थियों को भी इससे बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा योजना के विधिवत शुभारंभ की तिथि जल्द निर्धारित की जाएगी। शुभारंभ के साथ ही विद्यार्थियों को ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








