
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बरसात के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी क्षतिग्रस्त एवं निर्माणाधीन सड़कों को दुरुस्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया जाए और जिलाधिकारी स्तर से कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री द्वारा 10 अगस्त को आयोजित वीडियो कांफ्रेंसिंग में दिए गए निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी नैनीताल ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमजीएसवाई, एनएचएआई तथा नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त एवं निर्माणाधीन सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि बरसात के कारण खराब हुई सड़कों की मरम्मत तथा निर्माणाधीन सड़कों के कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए। साथ ही 15 अक्टूबर तक सभी सड़कों को अनिवार्य रूप से पूर्ण रूप से दुरुस्त करना सुनिश्चित किया जाए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। सड़क से संबंधित कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिला प्रशासन द्वारा सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और निर्धारित समय-सीमा में सड़कें पूरी तरह दुरुस्त की जा सकें।


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








