दुःखद खबर : 99 वर्ष की समाजसेवी एवं शिक्षाविद् लीला पाण्डे का निधन, शोक की लहर

नैनीताल : नेनीताल नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज (एशडेल) की पूर्व प्रधानाचार्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 99 वर्षीय श्रीमती लीला पाण्डे का सोमवार शाम 5:15 बजे निधन हो गया। उनके निधन से नैनीताल सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक एवं सांस्कृतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।पापुलर्स कम्पाउंड, मल्लीताल निवासी लीला पाण्डे स्वर्गीय जगदीश चंद्र पाण्डे की धर्मपत्नी थीं। वह नैनीताल कुंदन लाल साह ट्रस्ट से भी लंबे समय तक जुड़ी रहीं और शिक्षा व समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाती रहीं। उनका अंतिम संस्कार रानीबाग स्थित चिताशिला घाट में किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा मंगलवार सुबह 10 बजे पापुलर्स कम्पाउंड, मल्लीताल से प्रारंभ होगी।अपने पीछे वह पुत्री दीप्ति पाण्डे, दामाद हरीश चंद्र जोशी तथा नातिन सुश्री मनस्वी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।लीला पाण्डे ने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा, समाजसेवा और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित किया। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके स्नेह, सेवा भाव और प्रेरणादायी व्यक्तित्व ने अनेक विद्यार्थियों और समाज के लोगों के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान की।उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि लीला पाण्डे के आदर्श, सेवा कार्य और बाल उत्थान के लिए किए गए प्रयास सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad

सम्बंधित खबरें