
हल्द्वानी : नई दिल्ली में आज उत्तराखंड के कई वरिष्ठ एवं अनुभवी जनप्रतिनिधियों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने सभी नेताओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि यह जुड़ाव प्रदेश में बदलती राजनीतिक दिशा और कांग्रेस के प्रति लगातार बढ़ते जनविश्वास का स्पष्ट प्रमाण है।कांग्रेस परिवार में शामिल होने वाले प्रमुख नेता हैं — राजकुमार ठुकराल (पूर्व विधायक, रुद्रपुर), नारायण पाल (पूर्व विधायक, सितारगंज), भीमलाल आर्य (पूर्व विधायक, घनसाली), गौरव गोयल (पूर्व मेयर, रुड़की), लाखन सिंह नेगी (पूर्व ब्लॉक प्रमुख, रामगढ़) एवं अनुज गुप्ता (पूर्व पालिकाध्यक्ष, मसूरी)।प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि इन सभी नेताओं का अनुभव, जनसेवा के प्रति समर्पण और अपने-अपने क्षेत्रों में मजबूत पकड़ कांग्रेस पार्टी को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब विकास, पारदर्शिता और जनहित आधारित राजनीति चाहती है, जिसका सशक्त विकल्प केवल कांग्रेस है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिस प्रकार लगातार जनप्रतिनिधि एवं आमजन कांग्रेस से जुड़ रहे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।कांग्रेस पार्टी प्रदेश के समग्र विकास, युवाओं के रोजगार, किसानों की समृद्धि और आमजन के हितों के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है!


यूट्यूब चैनल सबस्क्राइब करें








